राहुल गांधी जी के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में युवा कांग्रेस ने किया पुतला दहन

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नबीन द्वारा नेता प्रतिपक्ष श्री राहुल गांधी जी के प्रति किए गए कथित आपत्तिजनक संबोधन के विरोध में आज युवा कांग्रेस द्वारा महानगर जिला अध्यक्ष श्री तेजस्वी राणा जी के नेतृत्व में अस्लेहॉल चौक, देहरादून में भाजपा का पुतला दहन कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया।

इस दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि राजनीतिक मतभेद लोकतंत्र का हिस्सा हैं, लेकिन किसी भी राजनीतिक दल के शीर्ष नेता द्वारा नेता प्रतिपक्ष के प्रति अमर्यादित एवं आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है।

प्रदर्शन के दौरान स्वाति नेगी ने कहा कि भाजपा नेतृत्व को अपनी भाषा और आचरण की मर्यादा समझनी चाहिए। राहुल गांधी जी देश की जनता की आवाज़ को मजबूती से उठाने का काम कर रहे हैं। उनके प्रति आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करोड़ों देशवासियों के जनादेश का भी अपमान है। कांग्रेस कार्यकर्ता ऐसी भाषा और राजनीति का लोकतांत्रिक तरीके से पुरजोर विरोध करते रहेंगे।

इस अवसर पर स्वाति नेगी, नितिन, अतुल, मुकेश, प्रयांश, रविंदर, अभिषेक पासी एवं नितिन नेगी सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता एवं कांग्रेसजन उपस्थित रहे।