देहरादून में आधी रात गोलियों की गूंज! पुलिस पर फायरिंग कर भाग रहे दो बदमाशों को लगी गोली, दो पिस्टल बरामद

देहरादून। राजधानी देहरादून में शनिवार देर रात पुलिस और बाइक सवार दो आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। पटेलनगर क्षेत्र के नयागांव के पास हुई इस मुठभेड़ में दोनों ओर से फायरिंग हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी। पुलिस ने उनके कब्जे से दो पिस्टल, जिंदा कारतूस और खोखा कारतूस बरामद किए हैं। घायल आरोपियों को उपचार के लिए प्रेमनगर स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

चेकिंग के दौरान पुलिस को देख भागने लगे बाइक सवार

पुलिस के अनुसार, शनिवार देर रात नयागांव के पास सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान फर्जी नंबर प्लेट लगी मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। पुलिस टीम ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन बाइक सवार रुकने के बजाय तेजी से भूड़पुर की ओर भागने लगे। पुलिस टीम ने संदिग्धों का पीछा किया तो आरोप है कि उन्होंने पुलिस वाहन को निशाना बनाते हुए फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी में पुलिस की गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बाइक सवारों के पैरों में गोली लगी और वे घायल हो गए।

रुड़की के रहने वाले हैं दोनों आरोपी

घायल आरोपियों की पहचान शमीम पुत्र इलियास और शहजाद पुत्र इखलाक के रूप में हुई है। दोनों हरिद्वार जिले के रुड़की के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने मौके से दो पिस्टल के साथ जिंदा और खोखा कारतूस बरामद किए हैं। घटना की सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और अस्पताल पहुंचकर आरोपियों के उपचार की जानकारी ली। वहीं, फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।

पटेलनगर, विकासनगर और सहसपुर में नकबजनी का आरोप

एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल के मुताबिक, प्रारंभिक पूछताछ में दोनों आरोपियों ने पटेलनगर, विकासनगर और सहसपुर सहित विभिन्न थाना क्षेत्रों में नकबजनी की कई घटनाओं में शामिल होने की बात बताई है। पुलिस का कहना है कि दोनों किसी वारदात को अंजाम देने के इरादे से क्षेत्र में निकले थे। पुलिस के अनुसार, दोनों का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है और वे कई बार हरिद्वार जेल जा चुके हैं। उनके खिलाफ गैंगस्टर अधिनियम के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है।

पुलिस खंगाल रही आपराधिक नेटवर्क

मुठभेड़ के बाद पुलिस अब दोनों आरोपियों से जुड़े पुराने मामलों, संभावित साथियों और अन्य आपराधिक गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है। जांच का एक अहम पहलू यह भी है कि फर्जी नंबर प्लेट और हथियारों के साथ दोनों किस वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे। फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस की निगरानी में अस्पताल में उपचाराधीन हैं और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।