धामी के बड़े ऐलान: हर ग्राम पंचायत में खुलेगा CM खेल क्लब, दून में बनेगा अग्निवीर ट्रेनिंग सेंटर; PRD जवानों का बढ़ेगा मानदेय

देहरादून। उत्तराखंड में खेल सुविधाओं के विस्तार और युवाओं को सेना में भर्ती के लिए तैयार करने की दिशा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कई अहम घोषणाएं की हैं। प्रदेश की प्रत्येक ग्राम पंचायत में मुख्यमंत्री खेल क्लब स्थापित किए जाएंगे। वहीं, देहरादून के आमवाला में अग्निवीर प्रशिक्षण केंद्र और मिनी स्टेडियम बनाने की योजना है। इसके अलावा प्रांतीय रक्षक दल (PRD) के जवानों के मानदेय में बढ़ोतरी के संकेत भी मुख्यमंत्री ने दिए हैं।

शनिवार को देहरादून के पवेलियन ग्राउंड में राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। सरदार वल्लभभाई पटेल को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद उन्होंने युवाओं और खेल प्रतिभाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

हर ग्राम पंचायत में बनेगा CM खेल क्लब

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की हर ग्राम पंचायत में खेल क्लब गठित किए जाएंगे, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिल सके। वर्तमान में मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के तहत 32 खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाती हैं। अब इनकी संख्या बढ़ाकर 50 की जाएगी। खास बात यह है कि उत्तराखंड के पारंपरिक खेलों को भी प्रतियोगिताओं में शामिल किया जाएगा।

अग्निवीर बनने की तैयारी अब दून में

देहरादून के आमवाला क्षेत्र में युवाओं के लिए खेल और सैन्य भर्ती प्रशिक्षण की सुविधाएं विकसित की जाएंगी। मुख्यमंत्री ने युवा केंद्र से लगी खाली भूमि को युवा कल्याण विभाग के नाम हस्तांतरित करने की घोषणा की। इस भूमि पर मिनी स्टेडियम के साथ अग्निवीर प्रशिक्षण केंद्र बनाया जाएगा। इससे सेना में भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं को स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षण की सुविधा मिल सकेगी।

PRD जवानों के मानदेय में होगी बढ़ोतरी

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रांतीय रक्षक दल के जवानों के मानदेय में बढ़ोतरी की भी घोषणा की। उन्होंने बताया कि इस संबंध में जल्द ही बैठक आयोजित की जाएगी। इससे लंबे समय से मानदेय बढ़ने की उम्मीद कर रहे PRD जवानों को राहत मिलने की संभावना है।

मुख्यमंत्री कप की पुरस्कार राशि दोगुनी

खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री कप की पुरस्कार राशि पांच लाख रुपये से बढ़ाकर 10 लाख रुपये करने की घोषणा की। इसके साथ ही मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के अंतर्गत न्याय पंचायत, विधानसभा, संसदीय क्षेत्र और राज्य स्तर पर होने वाली प्रतियोगिताओं की पुरस्कार राशि में भी बढ़ोतरी की जाएगी। मुख्यमंत्री के अनुसार, विभिन्न स्तरों पर पुरस्कार राशि में 50 प्रतिशत तक वृद्धि की जाएगी।

युवाओं से नशामुक्त उत्तराखंड का आह्वान

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा शक्ति ही प्रदेश और देश के भविष्य की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने युवाओं से नशामुक्त उत्तराखंड के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने और नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

राष्ट्रीय एकता दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और दूरदर्शिता से देश की एकता और अखंडता को मजबूत आधार दिया। उन्होंने कहा कि हमारी पहली पहचान भारतीय है और इसी भावना के साथ सभी को देश के विकास में योगदान देना चाहिए।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और खजान दास, पूर्व राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, मेयर सौरभ थपलियाल, विधायक बृजभूषण गैरोला सहित खेल विभाग और शासन के कई अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बदरीनाथ से लौटते समय ज्योतिर्मठ क्षेत्र में हुए हेलीकॉप्टर हादसे पर भी दुख व्यक्त किया