इगास-बग्वाल 2026: दिल्ली में भी गूंजे पहाड़ की संस्कृति के रंग, अनिल बलूनी के आवास पर अमित शाह और सीएम धामी ने मनाया लोकपर्व

नई दिल्ली। उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति और पारंपरिक विरासत का प्रतीक इगास-बग्वाल पर्व इस बार दिल्ली में भी पूरे उत्साह और पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया। गढ़वाल से सांसद एवं भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी के नई दिल्ली स्थित आवास पर आयोजित समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत देश की कई प्रमुख राजनीतिक और सामाजिक हस्तियों ने शिरकत की।

कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पारंपरिक रूप से अग्नि प्रज्वलित कर किया। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सांसद अनिल बलूनी और उनके परिवार को इगास पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इगास केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान, लोकपरंपराओं और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, अपनी भाषा और अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का माध्यम बनते हैं।

समारोह में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, पीयूष गोयल और अश्विनी वैष्णव सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी कार्यक्रम में उपस्थिति दर्ज कराई। इसके अलावा चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल एनएस राजा सुब्रमणि, पूर्व सीडीएस जनरल अनिल चौहान और उत्तराखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट भी समारोह का हिस्सा बने। प्रदेश सरकार की ओर से कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज और डॉ. धन सिंह रावत की मौजूदगी रही।

धार्मिक और आध्यात्मिक क्षेत्र की कई प्रमुख हस्तियों ने भी आयोजन की गरिमा बढ़ाई। स्वामी चिदानंद सरस्वती, स्वामी अवधेशानंद गिरि और स्वामी कैलाशानंद गिरि सहित संत-महात्माओं की उपस्थिति से कार्यक्रम में आध्यात्मिक वातावरण बना रहा।

कार्यक्रम में उत्तराखंड के पारंपरिक लोकगीतों, ढोल-दमाऊ और लोकनृत्यों की प्रस्तुतियों ने समारोह को पहाड़ी रंग में रंग दिया। कलाकारों की प्रस्तुतियों ने दिल्ली में मौजूद प्रवासी उत्तराखंडियों को अपने गांव और पहाड़ की संस्कृति की याद दिलाई। सांसद अनिल बलूनी और उनकी पत्नी डॉ. दीप्ति बलूनी ने सभी अतिथियों का स्वागत किया।

अनिल बलूनी ने बताया कि वर्ष 2018 में इगास-बग्वाल को पुनर्जीवित करने और इसे राष्ट्रीय पहचान दिलाने के उद्देश्य से अभियान शुरू किया गया था। इस पहल का मकसद देश के अलग-अलग हिस्सों में रह रहे उत्तराखंड के लोगों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों और पैतृक गांवों से जोड़े रखना है। उन्होंने पहाड़ के गांवों को फिर से आबाद करने और पलायन की समस्या के प्रति लोगों का ध्यान आकर्षित करने में ऐसे आयोजनों को महत्वपूर्ण बताया।

इस आयोजन के बाद अगले दिन गढ़वाल के गांव में ग्रामीणों के साथ पारंपरिक रूप से भैलो खेलकर इगास मनाने की भी परंपरा है। दिल्ली में आयोजित यह समारोह एक बार फिर इस बात का संदेश दे गया कि उत्तराखंड की लोकसंस्कृति केवल पहाड़ों तक सीमित नहीं है, बल्कि देश की राजधानी में भी इसकी परंपराएं पूरे उत्साह के साथ जीवंत हैं।