गूलर बस हादसे ने उजाड़े दो परिवार, चंदौसी के विक्की और रोहित की मौत से पसरा मातम; तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
श्रीनगर/चंदौसी। रोजगार की तलाश में घर से निकले दो दोस्तों को क्या पता था कि साथ शुरू हुआ उनका सफर कभी खत्म नहीं होगा। उत्तर प्रदेश के संभल जिले के चंदौसी निवासी विक्की (37) और रोहित कश्यप (35) की गूलर में हुए दर्दनाक बस हादसे में मौत हो गई। दोनों दोस्त लाइट डेकोरेशन का काम करते थे और अक्सर रोजगार के सिलसिले में श्रीनगर आते थे। हादसे ने न केवल दो परिवारों का सहारा छीन लिया, बल्कि पीछे छूटे परिजनों को कभी न भरने वाला दुख दे दिया है।
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक सोमवार रात चंदौसी से ट्रेन के जरिए हरिद्वार के लिए रवाना हुए थे। हरिद्वार पहुंचने के बाद उन्होंने विश्वनाथ सेवा की बस पकड़ी और श्रीनगर की ओर चल पड़े। दोनों पहले भी कई बार काम के सिलसिले में यहां आ चुके थे। स्थानीय व्यापारियों से उनके अच्छे संबंध थे। काम के प्रति लगन और हुनर के चलते व्यापारी उन्हें लाइट डेकोरेशन के काम के लिए बुलाते थे। कई बार उन्हें पहले से एडवांस भुगतान और आने-जाने का किराया भी दिया जाता था। नवदुर्गा पूजा के दौरान भी दोनों श्रीनगर में सजावट का काम कर चुके थे।
दोस्ती ऐसी थी कि रोजगार के लिए भी दोनों अक्सर साथ ही सफर करते थे, लेकिन इस बार गूलर में हुए हादसे ने उनका साथ हमेशा के लिए छीन लिया।
विक्की की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
विक्की का शव लेने उनके भाई गुलाब सिंह और बहनोई नरेश एम्स की मोर्चरी पहुंचे। इस दौरान परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। गुलाब सिंह ने बताया कि विक्की चार भाइयों में सबसे छोटा था। परिवार अभी छह महीने पहले ही सबसे बड़े भाई को खोने के दुख से उबर नहीं पाया था। इससे पहले तीन साल पूर्व उनकी छोटी बहन का भी निधन हो गया था।
बहन के निधन के बाद उसके दो छोटे बेटों की देखभाल और जिम्मेदारी भी विक्की ने अपने ऊपर ले ली थी। वह परिवार के लिए आर्थिक और भावनात्मक सहारा बना हुआ था। जरूरतमंदों की मदद के लिए वह अक्सर रक्तदान भी करता था। अब परिवार में गुलाब सिंह ही जीवित भाई बचे हैं। विक्की की असमय मौत से परिवार के सामने एक बार फिर अपनों को खोने का गहरा संकट खड़ा हो गया है।
रोहित के तीन मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
हादसे में जान गंवाने वाले रोहित कश्यप का परिवार भी गहरे सदमे में है। उनका शव लेने पहुंचे पिता हरिराम ने बताया कि रोहित परिवार की आजीविका का मुख्य सहारा था। उसके परिवार में पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा है। बड़ी बेटी की उम्र महज 13 वर्ष है, जबकि दोनों छोटे बच्चे अभी मासूम हैं।
रोहित की कमाई से ही घर का खर्च और बच्चों की जरूरतें पूरी होती थीं। अब उसके चले जाने के बाद पत्नी के सामने तीनों बच्चों के पालन-पोषण और उनके भविष्य की जिम्मेदारी आ गई है। पिता हरिराम और परिवार के अन्य सदस्य इस असहनीय दुख से टूट गए हैं। रोहित का एक छोटा भाई तरुण कश्यप भी है।
अनाथ शिशु को भी दिया था सहारा, नाम रखा था कृष्णा
विक्की के जीवन का एक और भावुक पहलू सामने आया है। परिजनों के मुताबिक, अविवाहित होने के बावजूद उसने एक अनाथ दुधमुंहे बच्चे को अपने संरक्षण में लेकर उसकी परवरिश की जिम्मेदारी उठाई थी। बहनोई नरेश ने बताया कि जन्माष्टमी के अवसर पर स्थानीय पुलिस की मदद से विक्की इस बच्चे को अपने साथ लाया था। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव पर बच्चे को अपने जीवन का उपहार मानते हुए उसका नाम कृष्णा रखा था।
परिजनों के अनुसार, बच्चा अब घुटनों के बल चलने लगा था और विक्की उसे अपने बेटे की तरह पाल रहा था। वह उसकी देखभाल और जरूरतों का पूरा ध्यान रखता था। इसके साथ ही बहन के दोनों बेटों की जिम्मेदारी भी वह निभा रहा था।
विक्की और रोहित दोनों अपने परिवारों के लिए कमाने और बेहतर भविष्य की उम्मीद लेकर घर से निकले थे, लेकिन गूलर के हादसे ने उनकी जिंदगी का सफर बीच रास्ते में ही खत्म कर दिया। पीछे रह गए परिवारों के लिए अब उनकी यादें और अधूरी जिम्मेदारियां ही शेष हैं।
