‘मैं हरक सिंह रावत की पत्नी हूं’, दूसरी महिला के दावे पर दीप्ति रावत का खुला चैलेंज, कोर्ट जाने की चेतावनी

देहरादून। उत्तराखंड के वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत से जुड़ा विवाद लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। अब इस मामले में उनकी पत्नी एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष दीप्ति रावत ने सार्वजनिक रूप से अपनी बात रखी है। सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में उन्होंने दूसरी महिला को हरक सिंह रावत की पत्नी बताए जाने पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि वह हरक सिंह रावत की पत्नी हैं और उन्हें अपनी पहचान साबित करने की कोई जरूरत नहीं है। दीप्ति रावत ने कहा कि यदि कोई अन्य महिला खुद को हरक सिंह रावत की पत्नी बता रही है तो उसे अपने दावे के समर्थन में तथ्य और प्रमाण प्रस्तुत करने चाहिए। उन्होंने मीडिया से भी अपील की कि किसी भी दावे की पुष्टि किए बिना भ्रामक खबरें प्रसारित न की जाएं। उन्होंने अपने ऊपर जमीन या संपत्ति हड़पने से जुड़े आरोपों को भी खारिज किया। दीप्ति रावत ने चेतावनी दी कि यदि उनके खिलाफ गलत और भ्रामक प्रचार जारी रहा तो वह न्यायालय की शरण लेंगी। उन्होंने कहा कि इस पूरे विवाद से उनका परिवार परेशानियों का सामना कर रहा है।

जैनी प्रकरण पर महेंद्र भट्ट ने भी मांगा जवाब

इस विवाद पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने भी प्रतिक्रिया दी है। रविवार को मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि जैनी प्रकरण से जुड़े सभी तथ्य सार्वजनिक होने चाहिए। यदि किसी महिला ने आरोप लगाए हैं तो उन आरोपों पर तथ्यात्मक जवाब भी सामने आना चाहिए। भट्ट ने कहा कि यह पूरा प्रकरण कांग्रेस शासनकाल से जुड़ा है, इसलिए उस दौरान हुई घटनाओं और उनसे संबंधित तथ्यों को सार्वजनिक किया जाना जरूरी है। वहीं, हरक सिंह रावत के संबंधियों पर जमीन कब्जाने के आरोपों को लेकर उन्होंने कहा कि शिकायत करने वाले व्यक्ति को अपनी बात रखने का अधिकार है। फिलहाल इस पूरे मामले में अलग-अलग पक्षों के बयान सामने आ रहे हैं। अब देखना होगा कि संबंधित पक्ष अपने दावों के समर्थन में क्या तथ्य प्रस्तुत करते हैं और विवाद आगे क्या मोड़ लेता है।