खटीमा में धामी की हार से सबक! ओबीसी वोट बैंक साधने मैदान में उतरेंगे एमपी के सीएम मोहन यादव

धामी के गृह क्षेत्र में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन, ओबीसी और पूर्वांचली मतदाताओं पर पार्टी की नजर

खटीमा। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भाजपा ने खटीमा में अपनी राजनीतिक सक्रियता बढ़ा दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के गृह क्षेत्र में पार्टी अब सामाजिक और जातीय समीकरणों को मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है। इसी कड़ी में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव गुरुवार को खटीमा पहुंच रहे हैं। उनका दौरा खास तौर पर ओबीसी मतदाताओं के बीच भाजपा की पकड़ मजबूत करने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

मोहन यादव खटीमा विधानसभा क्षेत्र के ओबीसी बाहुल्य मेलाघाट इलाके के अशोक फार्म में आयोजित भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। स्थानीय स्तर पर उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, खटीमा विधानसभा क्षेत्र में ओबीसी वर्ग के करीब 10 हजार मतदाता हैं। इनमें यादव, मौर्य और राजभर समाज के मतदाताओं की उल्लेखनीय संख्या बताई जाती है।

धामी की हार के बाद खटीमा पर भाजपा की खास नजर

खटीमा विधानसभा सीट भाजपा के लिए राजनीतिक रूप से बेहद अहम है। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में तत्कालीन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को इसी सीट पर हार का सामना करना पड़ा था। कांग्रेस प्रत्याशी भुवन चंद्र कापड़ी ने उन्हें पराजित किया था। हालांकि, बाद में धामी ने चंपावत विधानसभा उपचुनाव जीतकर मुख्यमंत्री पद बरकरार रखा।

अब भाजपा इस सीट पर दोबारा मजबूत पकड़ बनाने के लिए उन सामाजिक समीकरणों पर विशेष ध्यान दे रही है, जिन्हें चुनावी नतीजों को प्रभावित करने वाला माना जाता है। मोहन यादव की मौजूदगी को इसी राजनीतिक रणनीति के तहत देखा जा रहा है।

इन इलाकों के मतदाताओं पर रहेगी नजर

खटीमा विधानसभा क्षेत्र के बंडिया, नौसर, सत्रहमील, सिसैया, खिलाड़िया, खाली महुवट, झनकईया, झाऊपरसा, बगुलिया, अशोक फार्म और मेलाघाट समेत कई इलाकों में ओबीसी और पूर्वांचल समाज के लोगों की अच्छी आबादी है।

भाजपा सम्मेलन के जरिए इन समुदायों के बीच राजनीतिक संवाद बढ़ाने और संगठन के पक्ष में समर्थन जुटाने की कोशिश करेगी। मुख्यमंत्री धामी भी अपने गृह क्षेत्र में लगातार सक्रियता बढ़ा रहे हैं और विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से स्थानीय लोगों से संपर्क साध रहे हैं।

जिला पंचायत अध्यक्ष को सौंपी गई जिम्मेदारी

सम्मेलन के आयोजन की जिम्मेदारी जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य को सौंपी गई है। वह क्षेत्र में जनसंपर्क कर लोगों को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित कर रहे हैं। भाजयुमो के प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश भट्ट भी तैयारियों में जुटे हैं।

मोहन यादव का यह दौरा भाजपा के लिए महज एक कार्यकर्ता सम्मेलन नहीं, बल्कि खटीमा के सामाजिक और जातीय समीकरणों को मजबूत करने की राजनीतिक कवायद के रूप में देखा जा रहा है। अब देखने वाली बात होगी कि पार्टी का यह प्रयास आगामी चुनाव में कितना प्रभाव छोड़ता है।

वेबसाइट टैग्स: खटीमा विधानसभा, पुष्कर सिंह धामी, मोहन यादव, उत्तराखंड विधानसभा चुनाव, भाजपा, ओबीसी वोट बैंक, भुवन चंद्र कापड़ी, उत्तराखंड राजनीति