600 रुपये की मजदूरी बना मौत का कारण! देहरादून ट्रिपल मर्डर का खुलासा, प्लंबर गिरफ्तार
देहरादून: राजधानी देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज ट्रिपल मर्डर केस का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, तीन लोगों की हत्या के पीछे महज 600 रुपये की मजदूरी को लेकर हुआ विवाद सामने आया है। मामले में पुलिस ने आरोपी प्लंबर राजकुमार को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, राजकुमार पिछले करीब दो साल से बुजुर्ग दंपती के घर पर प्लंबिंग का काम करता था। घटना वाले दिन भी उसे प्लंबिंग के काम के लिए घर बुलाया गया था। काम पूरा होने के बाद मजदूरी के भुगतान को लेकर राजकुमार और बुजुर्ग दंपती के बीच विवाद शुरू हो गया।
600 रुपये मांगे, 300 देने पर हुआ विवाद
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि उसने अपनी मजदूरी के 600 रुपये मांगे थे, जबकि बुजुर्ग दंपती उसे 300 रुपये देने की बात कह रहे थे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में बहस बढ़ गई।
पुलिस का कहना है कि इसी दौरान गुस्से में आए राजकुमार ने अपने पास मौजूद पेचकस से बुजुर्ग दंपती पर हमला कर दिया। शोर सुनकर पड़ोस के घर में काम करने वाली महिला भी मौके पर पहुंची और बीच-बचाव करने की कोशिश की। आरोप है कि आरोपी ने उस महिला पर भी पेचकस से हमला कर दिया
घर के अंदर लहूलुहान मिले तीनों
घटना की सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घर के अंदर बुजुर्ग दंपती और महिला गंभीर रूप से घायल और अचेत अवस्था में मिले। पुलिस ने तीनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान 80 वर्षीय रमेश कपूर, 75 वर्षीय रजनी कपूर और 48 वर्षीय तिलया देवी उर्फ शीला के रूप में हुई है। तिलया देवी पड़ोस के घर में घरेलू काम करती थीं।
मौके से पेचकस और सोने की चेन बरामद
पुलिस ने घटनास्थल से कथित तौर पर वारदात में इस्तेमाल पेचकस बरामद किया है। आरोपी के पास से एक सोने की चेन भी बरामद होने की बात पुलिस ने कही है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। शुरुआती जांच में आरोपी को बुजुर्ग दंपती के घर की ओर अकेले जाते हुए देखा गया है।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। मृतका के परिजनों की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
बिजनौर का रहने वाला है आरोपी
एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी राजकुमार मूल रूप से बिजनौर जिले के किरतपुर थाना क्षेत्र के बांदा का रहने वाला है और वर्तमान में देहरादून के इंद्रेश नगर, सहारनपुर चौक क्षेत्र में रहता है।
पुलिस अब CCTV फुटेज, बरामद सामान और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर मामले की आगे की जांच कर रही है। इस वारदात में हत्या की वजह, घटनाक्रम और आरोपी के बयान से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल जारी है।
