हरेला पर्व पर पालिका ने विभिन्न प्रजाति के पौधे रोपे, पालिकाध्यक्ष ने पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करने का किया आह्वान

Read Time:2 Minute, 3 Second

मसूरी। नगर पालिका परिषद ने हरेला पर्व के अवसर पर अध्यक्ष अनुज गुप्ता के नेतृत्व में गड़ीखाना में 100 से अधिक विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे। इस मौके पर पालिकाध्यक्ष अनुज गुप्ता ने सभी का आहवान किया कि सभी लोग अपने आसपास पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करे, ताकि वातावरण स्वच्छ हो सके।

नगर पालिका परिषद की ओर से पालिकाध्यक्ष अनुज गुप्ता के नेतृत्व में गड़ीखाना में वन विभाग मसूरी के सहयोग से वृक्षारोपण किया गया। इस मौके पर विभिन्न प्रजातियों के 100 से अधिक पौधे रोपे गये। पौधा रोपण में पालिका कर्मचारियों के साथ ही एनएमएचएस ने भी सहयोग किया।

इस मौके पर पालिकाध्यक्ष अनुज गुप्ता ने कहा कि गड़ीखाना में पहले कूड़ा डंपिग जोन था, जो मसूरी के लिए एक कलंक था जिसे यहां से हटा दिया गया और इस स्थान पर लगातार दो वर्षो से वृक्षारोपण कर इस क्षेत्र को हरा भरा करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आहवान किया कि प्लास्टिक का प्रयोग न करें व शहर को स्वच्छ बनाये रखने में सहयोग करें। वहीं पर्यावरण सरंक्षण के लिए पौधा लगायें व मसूरी को हरा भरा बनाये।

इस मौके पर पालिका अधिशासी अधिकारी राजेश नैथानी, अधिशासी अधिकारी राजवीर सिंह चौहान, नगर अभियंता वेद प्रकाश बंधानी, पालिका सभासद जसबीर कौर, स्वास्थ्य निरीक्षक विरेंद्र बिष्ट आदि मौजूद रहे।