उत्तराखंड: SIR में मतदाता सूची से कट गया नाम तो न हों परेशान, फॉर्म-6 भरकर फिर जुड़वा सकेंगे वोटर लिस्ट में नाम

चुनाव आयोग ने दूर किया पुराने मतदाताओं का डर, फॉर्म-6 भरने पर नहीं होगी कानूनी कार्रवाई; दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश के बाद जारी किए स्पष्ट निर्देश

देहरादून। उत्तराखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर पुराने मतदाताओं के लिए राहत भरी खबर है। यदि पुनरीक्षण के दौरान किसी मतदाता का नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची से कट गया है या किसी कारणवश सूची में शामिल नहीं हो पाया है, तो उसे घबराने की जरूरत नहीं है। ऐसे मतदाता दोबारा अपना नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं। चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि केवल इस आधार पर कि संबंधित व्यक्ति पहले भी मतदाता रह चुका है, उसके खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की जाएगी।

दरअसल, SIR प्रक्रिया के दौरान कई ऐसे मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट सूची में नहीं मिले, जो पहले से मतदाता के रूप में पंजीकृत थे। इसके बाद उनके सामने असमंजस की स्थिति पैदा हो गई थी। उन्हें आशंका थी कि फॉर्म-6 में पहली बार मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से संबंधित घोषणा करनी होती है। ऐसे में पहले से वोटर रहे व्यक्ति द्वारा यह फॉर्म भरने पर गलत जानकारी देने का आरोप लग सकता है और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी हो सकती है।

इसी भ्रम को दूर करते हुए चुनाव आयोग ने उत्तराखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम को पत्र भेजकर स्थिति स्पष्ट की है। आयोग ने अपने निर्देशों में दिल्ली हाईकोर्ट के 14 अक्टूबर के फैसले का भी उल्लेख किया है। इसके अनुसार, पहले मतदाता रह चुके व्यक्ति का नाम यदि ड्राफ्ट सूची से बाहर हो गया है, तो उसका फॉर्म-6 भरकर दोबारा पंजीकरण कराने का आवेदन करना अपने आप में गलत घोषणा नहीं माना जाएगा।

पुराने मतदाताओं में क्यों बना हुआ था असमंजस?

SIR के तहत ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी होने के बाद कई ऐसे लोगों के नाम सामने आए, जो पहले से मतदाता थे, लेकिन नई सूची में उनका नाम नहीं दिखाई दिया। ऐसे मतदाताओं को दोबारा नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6 भरने की जरूरत थी।

हालांकि, फॉर्म-6 में दिए जाने वाले घोषणा पत्र को लेकर लोगों के मन में कानूनी कार्रवाई का डर बना हुआ था। उन्हें आशंका थी कि पहले से मतदाता होने के बावजूद नए पंजीकरण के लिए आवेदन करना गलत घोषणा की श्रेणी में आ सकता है। इसी वजह से कई पुराने मतदाता आवेदन करने से हिचकिचा रहे थे।

दरअसल, जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 31 के तहत मतदाता पंजीकरण से संबंधित गलत घोषणा करने पर दंडात्मक कार्रवाई का प्रावधान है। इसी कानूनी प्रावधान को लेकर मतदाताओं के बीच भ्रम की स्थिति बनी हुई थी।

दिल्ली हाईकोर्ट के फैसले के बाद आयोग ने दी स्पष्टता

चुनाव आयोग ने इस मामले में दिल्ली हाईकोर्ट के 14 अक्टूबर के फैसले का हवाला देते हुए स्पष्ट किया है कि यदि किसी व्यक्ति का नाम पहले मतदाता सूची में दर्ज था, लेकिन SIR के दौरान जारी ड्राफ्ट सूची में उसका नाम नहीं है, तो वह दोबारा नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 भर सकता है।

केवल इस वजह से कि वह पहले मतदाता रह चुका है, उसके आवेदन को गलत घोषणा नहीं माना जाएगा। आयोग ने निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ERO) को भी निर्देश दिए हैं कि पुराने मतदाता होने के आधार पर किसी आवेदक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई न की जाए।

दूसरे निर्वाचन क्षेत्र में नाम होने पर लागू होगी शर्त

हालांकि, फॉर्म-6 के जरिए दोबारा पंजीकरण कराने के लिए निर्धारित नियमों और पात्रता शर्तों का पालन करना अनिवार्य होगा। आवेदक का नाम किसी अन्य लोकसभा या विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में पहले से दर्ज नहीं होना चाहिए। एक व्यक्ति का नाम एक से अधिक निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो सकता।

इसलिए आवेदन करने से पहले अपनी मौजूदा मतदाता स्थिति की जांच करना जरूरी है। फॉर्म-6 जमा करने के बाद संबंधित निर्वाचन अधिकारी आवेदन और दस्तावेजों का सत्यापन करेंगे। पात्रता पूरी होने पर ही नाम मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा।

मतदाताओं के लिए क्या है जरूरी?

जिन लोगों का नाम SIR की ड्राफ्ट मतदाता सूची में नहीं है, उन्हें सबसे पहले आधिकारिक मतदाता सूची में अपना नाम जांचना चाहिए। यदि नाम नहीं मिलता है, तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म-6 भरकर आवेदन किया जा सकता है। आवेदन के साथ जरूरी दस्तावेज और घोषणा पत्र भी जमा करना होगा।

चुनाव आयोग के इस स्पष्टीकरण से उन पुराने मतदाताओं को राहत मिलने की उम्मीद है, जो कानूनी कार्रवाई की आशंका के चलते दोबारा पंजीकरण कराने से बच रहे थे। अब वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपना नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकेंगे।