मीना कंडारी का विजय अभियान जारी, एक माह में चार मैराथन में जीते प्रथम स्थान

 

श्रीनगर गढ़वाल। पहाड़ की बेटी और श्रीनगर की धावक मीना कंडारी का मैराथन में शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है। मध्य प्रदेश के जबलपुर में भारतीय सेना के सौजन्य से 22 नवंबर को आयोजित सूर्या हाफ मैराथन-2026 में मीना कंडारी ने महिला आयुवर्ग में प्रथम स्थान हासिल कर एक बार फिर श्रीनगर और उत्तराखंड का नाम रोशन किया है। खास बात यह है कि मीना ने पिछले एक माह के भीतर लगातार चार मैराथन प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी शानदार फिटनेस, मेहनत और दृढ़ इच्छाशक्ति का परिचय दिया है।

जबलपुर में आयोजित सूर्या हाफ मैराथन में देश के विभिन्न राज्यों से लगभग 14 हजार से अधिक धावकों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता को ओपन, अंडर-40 और 40 वर्ष से अधिक आयुवर्ग की श्रेणियों में आयोजित किया गया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच मीना कंडारी ने महिला आयुवर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता के विजेताओं को जबलपुर के महापौर जगत बहादुर सिंह और लेफ्टिनेंट जनरल एचएस वांड्रा ने पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।

एक महीने में चार मैराथन, चार बार प्रथम स्थान :

मीना कंडारी की हालिया उपलब्धियां विशेष रूप से उल्लेखनीय हैं। पिछले एक माह में उन्होंने लगातार चार मैराथन प्रतियोगिताओं में अपने आयुवर्ग में प्रथम स्थान हासिल किया है। इनमें पिथौरागढ़ के गुंजी स्थित आदि कैलाश में आयोजित परिक्रमा रन मैराथन-2.0 की 42 किलोमीटर और 21 किलोमीटर दोनों स्पर्धाएं शामिल हैं। इसके बाद चमोली के ग्वालदम में आयोजित युवान हाफ मैराथन में 21 किलोमीटर दौड़ में प्रथम स्थान हासिल किया। अब जबलपुर की सूर्या हाफ मैराथन में भी जीत दर्ज कर उन्होंने अपनी सफलता का सिलसिला बरकरार रखा है।

 

46 वर्षीय मीना कंडारी इससे पहले भी कई राज्य स्तरीय, राष्ट्रीय और हाई एल्टीट्यूड मैराथन प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं। 4000 मीटर से अधिक ऊंचाई पर आयोजित आदि कैलाश और आदिकैलाश क्षेत्र की कठिन दौड़ प्रतियोगिताओं से लेकर देश के विभिन्न शहरों में आयोजित मैराथन तक उनका शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है।

मीना कंडारी की इस उपलब्धि से श्रीनगर के खेल प्रेमियों और क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। लगातार चार प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान हासिल करना उनकी कड़ी मेहनत, नियमित अभ्यास और खेल के प्रति समर्पण को दर्शाता है। उन्होंने एक बार फिर साबित किया है कि उम्र महज एक संख्या है और मजबूत इच्छाशक्ति के साथ सफलता के नए मुकाम हासिल किए जा सकते हैं।