देहरादून में रिश्तों का कत्ल: नशे के लिए बेटे ने पिता को चाकू से गोदा, जमीन के विवाद में मामा ने भांजे को मार डाला

देहरादून। राजधानी में दीपावली के दौरान दो ऐसी वारदात सामने आईं, जिन्होंने पारिवारिक रिश्तों को शर्मसार कर दिया। राजपुर क्षेत्र में नशे के लिए रुपये नहीं मिलने पर बेटे ने अपने पिता की चाकू मारकर हत्या कर दी। वहीं अधोईवाला में जमीन के विवाद में मामा ने खुखरी से हमला कर भांजे की जान ले ली। दोनों घटनाओं में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की है।

नशे के लिए रुपये नहीं मिले तो पिता की कर दी हत्या

राजपुर थाना क्षेत्र के चलांग कुल्हान में 35 वर्षीय नितिन ने अपने 62 वर्षीय पिता मदन राणा पर चाकू से हमला कर दिया। पुलिस के अनुसार, नितिन नशे का आदी था। सोमवार शाम उसने अपने भांजे ऋषभ रावत से नशा खरीदने के लिए रुपये मांगे। रुपये देने से इनकार करने पर उसने ऋषभ पर दरांती से हमला कर दिया।

ऋषभ जान बचाकर भागा तो पिता मदन राणा बीच-बचाव करने पहुंचे। उन्होंने बेटे को डांटा, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। आरोप है कि नितिन ने पिता के सीने पर चाकू से वार कर दिया। अस्पताल में चिकित्सकों ने मदन राणा को मृत घोषित कर दिया। मदन राजमिस्त्री का काम करते थे। पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में लिया है।

जमीन के विवाद में मामा ने भांजे को उतारा मौत के घाट

दूसरी घटना अधोईवाला क्षेत्र की है। यहां 28 वर्षीय गौरव की उसके मामा नितिन कुमार ने कथित तौर पर खुखरी से हमला कर हत्या कर दी। गौरव अपनी मां, भाई और बहन के साथ नानी के घर रहता था। नानी ने अपनी संपत्ति गौरव के परिवार के नाम कर दी थी। इसी बात को लेकर मामा और भांजे के बीच विवाद चल रहा था।

सोमवार को गौरव दीपावली की मिठाई देने छोटे मामा के घर पहुंचा था। वहां सड़क पर बातचीत के दौरान नितिन कुछ लोगों के साथ पहुंचा। आरोप है कि उसने गौरव और अपने बेटे भोली के साथ मारपीट की और कमरे में ले जाकर खुखरी से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल गौरव की अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने नितिन कुमार और उसके बेटे रोहित को गिरफ्तार किया है।