रायपुर क्षेत्र में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने किया खुलासा, शातिर चोर गिरफ्तार

*प्रेस नोट*

*मीडिया सेल देहरादून*

*दिनांक- 18/10/2026*

 

थाना रायपुर दिनांक – 15/10/2026 को वादी अक्षय अहलुवालिया पुत्र श्री राजीव अहलुवालिया निवासी गंगोत्री विहार, कैनाल रोड, गली नंबर 04, देहरादून, द्वारा थाना रायपुर पर एक प्रार्थना पत्र अज्ञात व्यक्तियों द्वारा उनके घर में ज्वैलरी चोरी करने के संबंध में दिया गया, जिस पर थाना रायपुर में मु0अ0सं0 – 432/2026, धारा 305(a) भारतीय न्याय संहिता पंजीकृत किया गया।

चोरी की घटना की गंभीरता के दृष्टिगत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा घटना के शीघ्र अनावरण हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए, जिस पर थाना रायपुर पर पुलिस टीम गठित की गई। गठित टीम द्वारा घटनास्थल व उसके आसपास के सीसीटीवी कैमरों को चेक करते हुए घटना में शामिल संदिग्ध व्यक्तियों के संबंध में जानकारियां एकत्रित की गई, साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। पुलिस द्वारा किये जा रहे प्रयासों के दौरान दिनांक 17/10/2026 को मुखबिर के माध्यम से पुलिस टीम को जानकारी प्राप्त हुई कि गंगोत्री विहार में चोरी की घटना को अंजाम देने वाला अभियुक्त चोरी के आभूषणों के साथ मंदाकिनी विहार, कण्डोली ग्राउंड के पास खड़ा है, जो संभवतः चोरी के आभूषणों को बेचने की फिराक में है।

 

उक्त सूचना पर पुलिस टीम द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी करते हुए मौके से एक व्यक्ति नीरज खंतवाल को हिरासत के लिए गया, जिसके कब्जे से उक्त घटना में चोरी किये गए आभूषण बरामद हुए। अभियुक्त को मौके से गिरफ्तार करते हुए बरामद आभूषणों को पुलिस द्वारा कब्जे में लिया गया।

 

अभियुक्त से पूछताछ में उसके द्वारा बताया गया कि वह पुताई का काम करता है तथा पुताई के काम के सिलसिले में वादी के घर आया था, इस दौरान उसने मौका देखकर वादी के घर में चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था। अभियुक्त घटना में चोरी किये गए आभूषणों को बेचने के लिए बाहर भागने की फिराक में था पर उससे पूर्व ही पुलिस द्वारा उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार अभियुक्त नशे का आदी है, जिसके द्वारा अपनी नशे की लत के चलते चोरी की घटना का अंजाम दिया गया था, अभियुक्त पूर्व में भी आर्म्स एक्ट में जेल जा चुका है, अभियुक्त के अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी की जा रही है।

 

*गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण*

 

नीरज खंतवाल पुत्र रामलाल खंतवाल, उम्र 39 वर्ष,

हाल निवासी- मकान नं0 26, इंदर रोड, थाना डालनवाला, जनपद देहरादून,

 

*बरामद माल का विवरण*

 

1- 03 अंगूठियां (02 पीली धातु एवं 01 सफेद धातु) डायमंड

2- 01 कान की बाली/टॉप्स पीली धातु

3- 01 जोड़ी कान के झुमके पीली धातु (02 नग)

 

*(बरामद माल की अनुमानित कीमत लगभग 6 लाख ₹ )*

 

*पुलिस टीम*

 

1- उ0नि0 दीपक द्विवेदी, चौकी प्रभारी मयूर विहार

2- अ0उ0नि0 ऐ0के0 बलूनी

3- हे0का0 रविंद्र रावत

4- हे0का0 दीप प्रकाश

5- हे0का0 प्रेम पावर

6- का0 मुकेश कंडारी

7- कानि0 मनोज

8- कानि0 दीपक