मसूरी घूमने जा रहे हैं? पहले पढ़ लें ये खबर, पार्किंग फुल होते ही बदलेगा पूरा रूट

देहरादून: गांधी जयंती और लॉन्ग वीकेंड पर अगर आप देहरादून, मसूरी या ऋषिकेश घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो यह खबर आपके काम की है। पर्यटकों की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने 2 से 4 अक्टूबर तक विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है। पार्किंग फुल होने की स्थिति में वाहनों को रोकने और डायवर्ट करने के लिए अलग-अलग प्लान तैयार किए गए हैं।

मसूरी में 90% पार्किंग भरते ही बदलेगा प्लान

मसूरी में सबसे पहले पार्किंग की स्थिति पर नजर रखी जाएगी। जैसे ही पार्किंग क्षमता का करीब 90 फीसदी हिस्सा भर जाएगा, प्लान-बी लागू किया जाएगा। इसके तहत पर्यटकों के निजी वाहनों को किंक्रेग पार्किंग में रोका जाएगा।

किंक्रेग से आगे मसूरी जाने वाले पर्यटकों को स्थानीय टैक्सी का इस्तेमाल करना होगा। इसका मकसद मसूरी के मुख्य बाजार और पर्यटन स्थलों के आसपास निजी वाहनों का दबाव कम करना है।

किंक्रेग भी फुल हुआ तो लागू होगा प्लान-सी

अगर किंक्रेग पार्किंग भी भर गई तो ट्रैफिक पुलिस प्लान-सी लागू करेगी। इसके तहत मसूरी की ओर बढ़ रहे वाहनों को गज्जी बैंड से हाथीपांव रोड की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।

यानी वीकेंड पर मसूरी जाने वालों को अचानक रूट डायवर्जन का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में सफर पर निकलने से पहले ट्रैफिक व्यवस्था की जानकारी लेना जरूरी होगा।

ऋषिकेश में भी बढ़ेगा ट्रैफिक दबाव

लॉन्ग वीकेंड में ऋषिकेश में भी पर्यटकों की भीड़ बढ़ने की संभावना है। यातायात दबाव बढ़ने पर यहां भी प्लान-बी लागू किया जाएगा। हरिद्वार और देहरादून की तरफ से आने वाले वाहनों को नेपाली फार्म, रायवाला, नटराज चौक, ढालवाला और बाईपास जैसे वैकल्पिक मार्गों से भेजा जा सकता है।

मसूरी जाने वालों के लिए ये वैकल्पिक रास्ते

दिल्ली, हरियाणा, गाजियाबाद, मेरठ, सहारनपुर और रुड़की की तरफ से आने वाले वाहनों को ट्रैफिक की स्थिति के अनुसार डाटकाली, आईएसबीटी, शिमला बाईपास, बल्लूपुर और कैंट क्षेत्र की ओर से डायवर्ट किया जा सकता है।

वहीं ऋषिकेश और डोईवाला की तरफ से मसूरी जाने वाले वाहनों के लिए थानो रोड, महाराणा प्रताप चौक और पुलिया नंबर-6 का इस्तेमाल कराया जाएगा। इसके बाद वाहन सहस्रधारा क्रॉसिंग और आईटी पार्क होते हुए मसूरी की ओर भेजे जाएंगे।

ट्रैफिक पुलिस ने की अपील

लॉन्ग वीकेंड के दौरान जाम से बचने के लिए यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित पार्किंग और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की है। प्रमुख चौराहों, बाजारों और पर्यटन स्थलों पर अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती भी की गई है।