देहरादून के मोती बाजार स्थित देवकी कॉम्प्लेक्स में लगी भीषण आग पर फायर सर्विस ने पाया पूर्ण नियंत्रण

 

देहरादून आज प्रातः करीब 9:30 बजे देहरादून के व्यस्त इलाके मोती बाजार स्थित देवकी कॉम्प्लेक्स में बाला जी ड्रेस की फैंसी कपड़ों की दुकान में अचानक आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि वह देखते ही देखते आसपास की अन्य दुकानों में भी तेजी से फैलने लगी।

घटना की सूचना मिलते ही फायर सर्विस देहरादून की यूनिट द्वारा बिना समय गंवाए मौके पर पहुंचकर होज रील व होज पाइप के माध्यम से आग बुझाने का काम शुरू किया।

आग की गंभीरता और विकराल रूप को देखते हुए, स्थिति की नजाकत को भांपते हुए फायर स्टेशन से एक के बाद एक कुल 6 फायर टेंडरों को तुरंत घटनास्थल पर रवाना किया गया। इसके साथ ही राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने के लिए स्मोक एग्जॉस्टर, आयरन कटर और आधुनिक टॉर्च जैसे जरूरी उपकरण भी मंगवाए गए।

​घटनास्थल पर अत्यधिक धुआं होने के कारण फायर यूनिटों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, इसके बावजूद फायर कर्मियों ने भारी धुएं के बीच लगातार डटे रहकर फायर फाइटिंग जारी रखी।

आग बुझाने के दौरान जिन दुकानों के शटर बंद थे, सुरक्षा और बचाव की दृष्टि से बोल्ट कटर के माध्यम से उनके ताले और शटर काटे गए, ताकि आग को अंदर ही अंदर फैलने से रोका जा सके और पुष्टि की जा सके कि किसी अन्य दुकान में कोई व्यक्ति फंसा न हो।

फायर कर्मियों की सूझबूझ और करीब 4 से 5 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया। दमकल विभाग की मुस्तैदी और समय पर उठाए गए सख्त कदमों के कारण मोती बाजार जैसे घनी आबादी और संकरे रास्ते वाले बाजार में एक बड़ा हादसा टल गया। इस घटना में किसी भी प्रकार के जनहानि की कोई सूचना नहीं है।