हरिद्वार में 7वें CII औद्योगिक शिखर सम्मेलन का आयोजन: नए MSME से 1.27 लाख युवाओं को मिला रोजगार

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार में आयोजित 7वें ‘कॉन्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री’ (CII) उत्तराखंड औद्योगिक शिखर सम्मेलन एवं एक्सपो-2026 में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आध्यात्मिक नगरी हरिद्वार अब राज्य में औद्योगिक विकास के एक प्रमुख केंद्र के रूप में तेजी से उभर रहा है।

मुख्यमंत्री ने आधिकारिक आंकड़े प्रस्तुत करते हुए बताया कि राज्य सरकार की उद्योग-अनुकूल नीतियों और एमएसएमई (MSME) प्रोत्साहन के तहत स्थापित नई इकाइयों के माध्यम से 1 लाख 27 हजार से अधिक युवाओं को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि उद्योगपति, व्यापारी और निवेशक किसी भी राज्य की आर्थिक प्रगति की रीढ़ होते हैं। उद्योगों की स्थापना से न केवल रोजगार सृजित होते हैं, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है और नवीनतम तकनीक का प्रसार होता है। राज्य सरकार ने निवेशकों की सुविधा के लिए सिंगल विंडो सिस्टम और लॉजिस्टिक्स सपोर्ट में ऐतिहासिक सुधार किए हैं।