छह नंबर पुलिया वेंडिंग जोन से अवैध कब्जे हटाने के दिए मेयर ने निर्देश
देहरादून छह नंबर पुलिया स्थित स्मार्ट वेंडिंग जोन में यातायात व्यवस्था को सुचारू करने और जाम की समस्या के समाधान को लेकर मेयर सौरभ थपलियाल ने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। महापौर ने स्पष्ट किया कि वेंडिंग जोन में केवल एक लाइन में ही फल एवं सब्जी की दुकानें संचालित होंगी तथा सड़क पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया जाएगा जिससे वहाँ से आने जाने वाले लोगो को जाम का सामना ना करना पड़े।

मंगलवार को पार्षद मेहरबान भंडारी ने स्थानीय लोगो के साथ मेयर सौरभ थपलियाल से मुलाकात कर छह नंबर पुलिया वेंडिंग जोन की व्यवस्थाओं से संबंधित समस्याओं से अवगत कराया। लोगो द्वारा बताया कि वेंडिंग जोन में एक लाइन के अलावा आगे की ओर अवैध रूप से खोखे एवं अन्य दुकानें लगाए जाने के कारण सड़क पर डबल लाइन की स्थिति बन रही है, जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती है और आए दिन जाम की समस्या उत्पन्न होती है।

प्रतिनिधिमंडल की समस्या को गंभीरता से लेते हुए मेयर ने कहा कि छह नंबर पुलिया वेंडिंग जोन में केवल एक लाइन में ही दुकानें लगेंगी। सड़क एवं निर्धारित वेंडिंग क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा।
महापौर ने संबंधित अधिकारियों को वेंडिंग जोन में व्यवस्थित रूप से लाइन निर्धारित करने, यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने तथा सड़क पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

सौरभ थपलियाल ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य वेंडिंग जोन में व्यवस्थित तरीके से व्यापार करने वाले लोगों के हितों को सुरक्षित रखते हुए आम जनता और वाहन चालकों को जाम की समस्या से राहत दिलाना है। इसके लिए वेंडिंग जोन की व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा।
