यूपी की राजधानी लखनऊ में मची दुर्गा पूजा की धूम

Read Time:1 Minute, 42 Second

अभयानंद शुक्ल, न्यूज़ समीक्षा 

यूपी, बिहार और पूर्वोत्तर के राज्यों समेत पूरे देश में धूम मचा रही दुर्गापूजा के रंग इस समय यूपी की राजधानी लखनऊ में भी जोरों पर हैं। यहां भी दुर्गा पूजा पूरी भव्यता के साथ प्रारंभ हो गई है। पूजा पंडालों में भगवान गणेश, महादेव भोलेनाथ, मां सरस्वती, मां लक्ष्मी और स्वामी कार्तिकेय के साथ मां दुर्गा की प्रतिमाओं की स्थापना नवरात्र की षष्ठी तिथि से ही हो गई है। लखनऊ में बरसों से दुर्गा पूजा होती चली आ रही है। यहां इसकी शुरुआत बंगाली समुदाय द्वारा की गई थी। परंतु यह अब पूरे शहर में पूरी श्रद्धा के साथ मनाया जाने लगा है। अब राजधानी में सैकड़ों पूजा पंडाल स्थापित किए जाते हैं। प्रमुख पूजा पंडालों में बंगाली क्लब, विद्यांत कालेज, रामकृष्ण मठ और सहारा इस्टेट के पंडाल मुख्य हैं। इन पंडालों में भक्तों का तांता लगा हुआ है। दुर्गा पूजा की ये रौनक विजयादशमी के दिन प्रतिमा विसर्जन के साथ पूर्णता प्राप्त करेगी।
ब्यूरो रिपोर्ट, लखनऊ